Agra MLC Election Result: आगरा खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए नवीन गल्ला मंडी स्थल पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। मंडी परिसर के अंदर और बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है तथा मुख्य गेट पर गहन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। जिला मजिस्ट्रेट (DM) मनीष बंसल ने सुबह नवीन गल्ला मंडी पहुंचकर मतगणना स्थल का जायजा लिया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
12 जिलों के स्ट्रॉन्ग रूम खुले
सुबह सबसे पहले 12 जिलों के स्ट्रॉन्ग रूम खोले गए। नियमानुसार सबसे पहले सभी बैलेट पेपर की 100-100 की गड्डियां बनाई जा रही हैं, जिसके बाद मतों की गिनती तेजी से आगे बढ़ रही है।
14-14 टेबल और 510 कर्मियों की तैनाती
प्रशासनिक तैयारियों के मुताबिक, वोटों की गिनती के लिए कुल 14-14 टेबलें (शिक्षक और स्नातक के लिए अलग-अलग) लगाई गई हैं। इस पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए 510 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक टेबल की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और सुरक्षा के मद्देनजर 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
