विश्व सिनेमा, नई तकनीक और रचनात्मक प्रयोगों का संगम माने जाने वाले जयपुर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव #JIFF2027 के 19वें संस्करण की पहली सूची जारी कर दी गई है। यह महोत्सव अगले वर्ष 8 से 12 जनवरी 2027 तक गुलाबी नगरी जयपुर में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष के महोत्सव का सबसे बड़ा और प्रमुख आकर्षण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से निर्मित फिल्में होंगी। आयोजकों के अनुसार, दुनिया में पहली बार किसी फिल्म महोत्सव में इतने बड़े पैमाने पर AI से बनाई गई फिल्मों को प्रदर्शित किया जाएगा।
39 देशों की 248 फिल्में नामांकित
JIFF 2027 के लिए दुनिया भर के 80 देशों से कुल 1,805 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से चयन समिति ने पहली सूची में 39 देशों की 248 फिल्मों को नामांकित किया है।
-
भारतीय फिल्में: 119
-
विदेशी फिल्में: 129
-
स्टूडेंट फिल्में: 14
AI सिनेमा का महाकुंभ: 35 फिल्में शामिल
सिनेमा के भविष्य और नई तकनीक को मंच प्रदान करते हुए JIFF ने इस बार AI श्रेणियों (AI फीचर, AI शॉर्ट, AI डॉक्यूमेंट्री, AI एनीमेशन और AI म्यूजिक वीडियो) को विशेष प्राथमिकता दी है। पहली सूची में AI से जुड़ी कुल 35 फिल्मों को जगह मिली है।
प्रमुख चयनित AI फिल्में:
-
भारत: ‘बिफोर डॉन’, ‘द फाइनल इंटरव्यू’, ‘द इन्सेक्ट पैंडेमिक’ और ‘सेतु’।
-
अमेरिका: ‘हेडन: पैट्रन सेंट ऑफ द ऑब्सेस्ड’, ‘ले ड्रिप’ और ‘रेल-बाउंड’।
-
अन्य देश: जर्मनी की ‘अपडेट’, जापान की ‘द स्क्राइब एंड द स्वॉर्ड्समैन’, ब्रिटेन की ‘महाभारत: ए सिनेमैटिक टाइमलाइन’, दक्षिण कोरिया की ‘फ्लैशओवर’ आदि।
सिनेमा में नई क्रांति और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन
JIFF के संस्थापक निदेशक हनु रोज ने कहा,
सिनेमा तेजी से बदल रहा है। नई तकनीक और AI फिल्मकारों को अपनी कल्पनाओं को सीमित संसाधनों में भी बड़े स्तर पर पेश करने का मौका दे रहे हैं। हमारा उद्देश्य स्थापित सिनेमा दिग्गजों के साथ-साथ युवाओं, छात्रों और स्वतंत्र फिल्मकारों को एक वैश्विक मंच प्रदान करना है।
